सभी जिलों में पहुंची एचपीवी वैक्सीन, पीएम नरेंद्र मोदी 28 को करेंगे लॉन्च
उदयपुर, 26 फरवरी: राजस्थान में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन अभियान की औपचारिक शुरुआत अजमेर से होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी शनिवार को अजमेर की जनसभा में इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण शुरू किया जाएगा।
राज्य के सभी जिलों में वैक्सीन की खेप पहुंच चुकी है। पहले चरण के लिए करीब 3 लाख 60 हजार डोज उपलब्ध कराई गई हैं। चिकित्सा विभाग के अनुसार फिलहाल 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका लगाया जाएगा। शुरुआती चरण में प्रत्येक जिले में दस बालिकाओं को वैक्सीन लगाकर अभियान की शुरुआत की जाएगी।
यह टीके सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) या इससे बड़े, 24 घंटे आपातकालीन सुविधा वाले अस्पतालों में लगाए जाएंगे। हालांकि आमजन की मांग है कि यह सुविधा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक भी विस्तारित की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को अधिक सुविधा मिल सके। भारत में हर वर्ष लगभग डेढ़ लाख सर्वाइकल कैंसर के मामले सामने आते हैं और करीब 75 हजार महिलाओं की इससे मृत्यु हो जाती है। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद यह वैक्सीन बड़ी संख्या में बालिकाओं के लिए सुरक्षा कवच साबित होगी।