राजसमंद, 6 फरवरी: देवगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार और अधूरे व घटिया गुणवत्ता के निर्माण कार्यों के उद्घाटन के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश गुरुवार को सड़कों पर देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भीम विधायक के खिलाफ काले झंडे दिखाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के आरोप लगाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नगरपालिका क्षेत्र में लगातार ऐसे विकास कार्यों का उद्घाटन किया जा रहा है, जो न तो पूर्ण हुए हैं और न ही गुणवत्ता के मानकों पर खरे उतरते हैं। कई स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं, वहीं कहीं घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है। इसके बावजूद इन कार्यों को विकास बताकर जनता के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है, जो जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विधायक और नगरपालिका चेयरमैन की मिलीभगत से भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। अधूरे और निम्न गुणवत्ता वाले कार्यों का उद्घाटन कर जनता की आंखों में धूल झोंकी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि वास्तव में जनता के हितैषी होते, तो उद्घाटन से पहले कार्यों की गुणवत्ता और पूर्णता सुनिश्चित करते।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि करदाताओं की गाढ़ी कमाई से कराए गए इन निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताएं सामने आ रही हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और न ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है, जिससे राजनीतिक संरक्षण की आशंका गहरा रही है।