परिजनों ने मांगा 50 लाख का मुआवजा और संविदा नौकरी

Share

चाकूवार से मजदूर की मौत को लेकर आक्रोश, मोर्चरी के बाहर समाजजनों ने दिया धरना
उदयपुर, 6 फरवरी:
शहर के सवीना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना में घायल मजदूर की मौत के बाद आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इलाज में कथित लापरवाही को लेकर शुक्रवार को दूसरे दिन भी समाजजनों ने एमबी चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए 50 लाख रुपए मुआवजा और मृतक की पत्नी को संविदा पर सरकारी नौकरी देने की मांग रखी।
जानकारी के अनुसार विजय सिंह पथिक नगर निवासी प्रेम गमेती गुरुवार सुबह मजदूरी के लिए घर से निकला था। सेक्टर-8 रेलवे क्रॉसिंग के पास तीन बदमाशों ने उसे घेरकर लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने प्रेम पर चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर बदमाश मौके से फरार हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सेटेलाइट अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमबी चिकित्सालय रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू करने के बजाय रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने भेज दिया। वहीं पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज करने में भी करीब एक घंटा लग गया। इस दौरान घायल दर्द से कराहता रहा और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पत्नी नंदनी ने डॉक्टरों और पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर उपचार मिलता तो उसके पति की जान बच सकती थी। समाजजनों ने अस्पताल प्रशासन पर भी गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाया। धरने में समाज के लोगों ने दोषी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई, 50 लाख मुआवजा, पत्नी को संविदा नौकरी देने की मांग की और चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।