देवसोमनाथ में 5 क्विंटल, गंगेश्वर मंदिर में 400 किलो व्रत खिचड़ी का महाप्रसाद वितरित
डूंगरपुर, 15 फरवरी: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर डूंगरपुर जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देवसोमनाथ, भुवनेश्वर और गंगेश्वर महादेव मंदिरों में सुबह से ही “हर हर महादेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन को विशेष व्यवस्थाएं करनी पड़ीं।
महाशिवरात्रि पर भुवनेश्वर महादेव मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे और देवसोमनाथ मंदिर के कपाट 4:30 बजे खोले गए। कपाट खुलते ही भक्तों का तांता लग गया। प्रारंभिक समय में श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश कर पूजा का अवसर मिला।
भीड़ बढ़ी तो गर्भगृह में प्रवेश बंद
दिन चढ़ने के साथ भक्तों की संख्या बढ़ती गई। देवसोमनाथ मंदिर में स्थिति ऐसी रही कि गर्भगृह में प्रवेश बंद करना पड़ा। कतारों के लिए रस्सियां लगाई गईं और श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। भक्तों ने दूध, दही, पंचामृत, बिल्वपत्र और फूलों से भगवान शिव का अभिषेक किया।
देवसोमनाथ में 5 क्विंटल साबूदाना खिचड़ी का प्रसाद
देवसोमनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए 5 क्विंटल साबूदाना खिचड़ी का महाप्रसाद तैयार किया गया। इसे बनाने में 30 से अधिक भक्तों की टीम जुटी रही, जिन्होंने बड़ी कढ़ाइयों में खिचड़ी तैयार कर हर दर्शनार्थी को प्रसाद वितरित किया।
गंगेश्वर मंदिर में 400 किलो व्रत खिचड़ी वितरित
गामड़ी अहाड़ा स्थित प्रसिद्ध गंगेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। ट्रस्ट मंडल व युवाओं की टीम ने 400 किलो व्रत खिचड़ी प्रसाद के रूप में बांटी। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया और शिव का आकर्षक श्रृंगार किया गया।
जिलेभर में धार्मिक आयोजन: बेणेश्वर, कटकेश्वर, गोरेश्वर सहित अन्य शिवालयों में भी विशेष पूजा व मेले आयोजित हुए। ट्रस्ट और युवाओं ने व्यवस्थाएं संभालकर श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान की।