दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने आईं उदयपुर

Share

भाजपा कार्यकर्ताओं और अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने किया भव्य स्वागत
udr rekha gupta 140226-a
udr rekha gupta 140226-b
उदयपुर, 14 फरवरी: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को एक निजी विवाह समारोह में शामिल होने के लिए उदयपुर पहुंचीं। उनके उदयपुर आगमन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों में खासा उत्साह देखने को मिला। गुलाब बाग रोड पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ पड़ी और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री का जोरदार अभिनंदन किया।
राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति के अनुसार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का साफा पहनाकर, तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
बताया गया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा किसी राजनीतिक कार्यक्रम के तहत नहीं था, बल्कि वे एक पारिवारिक विवाह समारोह में शिरकत करने आई थीं। शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित शादी समारोह में वे शामिल होंगी। हालांकि दौरा निजी था, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय नेताओं और समाज के लोगों में उन्हें लेकर जबरदस्त क्रेज नजर आया।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए उदयपुर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। डबोक एयरपोर्ट से लेकर गुलाब बाग रोड और आयोजन स्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि यातायात व्यवस्था और सुरक्षा में कोई चूक न हो।
स्वागत कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सीधे विवाह आयोजन स्थल के लिए रवाना हो गईं। संभावना है कि विवाह रस्मों में शामिल होने के बाद रविवार सुबह दिल्ली के लिए प्रस्थान कर सकती हैं।