चित्तौड़गढ़ के डॉ. अनुज अग्निहोत्री बने यूपीएससी 2025 के ऑल इंडिया टॉपर

Share

पहले प्रयास में बने थे दिल्ली में एसडीएम, तीसरे अटेम्प्ट में हासिल की देश में पहली रैंक
उदयपुर, 6 मार्च:
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अंतिम परिणाम में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। अनुज इससे पहले भी यूपीएससी परीक्षा पास कर दिल्ली एवं केंद्र शासित प्रदेश सिविल सेवा में एसडीएम के पद पर नियुक्त हो चुके हैं।
डॉ. अनुज ने अपनी सफलता को लगातार मेहनत और धैर्य का परिणाम बताते हुए कहा कि सिविल सेवा परीक्षा एक लंबी प्रक्रिया है, जिसमें कई उतार-चढ़ाव आते हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस बार सफलता नहीं मिलती तो वे अगले प्रयास की तैयारी में जुटे रहते, लेकिन अब लक्ष्य हासिल होने के बाद यह सफर आसान लग रहा है।


पहले प्रयास में मिली थी एसडीएम की जिम्मेदारी
डॉ. अनुज ने वर्ष 2023 में अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर दिल्ली एवं केंद्र शासित प्रदेश सिविल सेवा में चयन प्राप्त किया था। इसके बाद उन्हें दिल्ली में एसडीएम पद पर नियुक्ति मिली और उन्होंने दिसंबर 2024 में पदभार संभाला। दूसरे प्रयास में वे मुख्य परीक्षा पास कर गए थे, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो पाया। तीसरे प्रयास में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश में पहली रैंक हासिल कर ली।
इंटरव्यू में पूछे गए इतिहास और मेडिकल से जुड़े सवाल
मेडिकल पृष्ठभूमि होने के कारण इंटरव्यू में उनसे मेडिकल साइंस से जुड़े कई प्रश्न पूछे गए। इसके अलावा राजस्थान के इतिहास से भी सवाल किए गए। अनुज ने बताया कि उनसे मीरा बाई के गुरु और राजस्थान के इतिहास को प्रसिद्ध करने वाले इतिहासकार के बारे में पूछा गया, जिसका उत्तर उन्होंने जेम्स टॉड बताया।
एम्स जोधपुर से की एमबीबीएस
डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने वर्ष 2023 में एम्स जोधपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। इससे पहले 2017 में एम्स की ऑल इंडिया मेडिकल प्रवेश परीक्षा में उन्होंने 215वीं रैंक प्राप्त की थी। उनकी स्कूली शिक्षा रावतभाटा के परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय से हुई, जहां 12वीं कक्षा में उन्होंने 94 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।