सलूंबर में ड्रेनेज सिस्टम: जलभराव से मिलेगी राहत

Share

सलूंबर-बांसवाड़ा हाईवे के लिए 744 करोड़ मंजूर
सलूंबर, 11 फरवरी:
राजस्थान के तीसरे बजट में नवगठित जिले सलूंबर को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा की है। जिला मुख्यालय पर ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिससे बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से आमजन को राहत मिलेगी।
इसके साथ ही गर्मियों में पेयजल संकट से निपटने के लिए समर कंटीजेंसी के तहत जिला कलेक्टर को 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे, जिससे नल, हैंडपंप, नलकूप मरम्मत और टैंकर व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।
सड़क व परिवहन विकास को नई गति
ग्रामीण आवागमन को सुगम बनाने के लिए कीर की चौकी–भींडर–सलूंबर सड़क (SH-53) को स्टेट हाईवे तक जोड़ने हेतु 19 किलोमीटर मार्ग का निर्माण, मरम्मत व उन्नयन 8 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा।
राज्य राजमार्गों के सुदृढ़ीकरण के तहत सलूंबर-बांसवाड़ा स्टेट हाईवे (SH-32) को इंटेलीजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम (ITS) आधारित विकसित करने के लिए 744 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसमें स्पीड वॉयलेशन डिटेक्शन सिस्टम, वेरिएबल मैसेज साइन बोर्ड तथा यात्रियों के लिए वे-साइड एमिनिटीज भी शामिल होंगी।
ऊर्जा व स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
सलूंबर के कातनवाड़ा में 33/11 केवी जीएसएस निर्माण की घोषणा की गई है। साथ ही सलूंबर आयुर्वेद चिकित्सालय को जिला आयुर्वेद चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाएगा।
पर्यटन व संस्कृति को बढ़ावा
सलूंबर में ऐतिहासिक पहचान को सहेजते हुए हाडा रानी पैनोरमा का निर्माण किया जाएगा, जिससे पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
जल संरक्षण की बड़ी परियोजना
मानसून में अनास नदी के व्यर्थ बहते अधिशेष जल को कृत्रिम जलाशय बनाकर फीडर नहर के माध्यम से सोम-कमला-अंबा तक अपवर्तन हेतु 5900 करोड़ रुपए की परियोजना पर कार्य होगा। इससे सलूंबर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, उदयपुर, पाली सहित कई जिलों को लाभ मिलेगा।
अन्य घोषणाएं
सागतड़ा में पशु चिकित्सा उपकेंद्र खोला जाएगा।
जयसमंद वन्यजीव अभयारण्य के ईको-सेंसिटिव जोन हेतु जोनल मास्टर प्लान तैयार होगा।
नवगठित जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार की स्थापना।
पंचायतीराज विभाग के भवन निर्माण की घोषणा।