उदयपुर, 9 मार्च: जिले में नियमित टीकाकरण को मजबूत बनाने और ज़ीरो-डोज़ बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से गावी ज़ीरो डोज़ इम्प्लीमेंटेशन प्लान के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए संवेदनशीलता कार्यशाला आयोजित की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि कार्यशाला शहर के सेक्टर 14 स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मीटिंग हॉल तथा धानमंडी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित हुई।
शहर प्रभारी उपनिदेशक डॉ. कैलाश शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का महत्व, ज़ीरो-डोज़ बच्चों की पहचान, समुदाय में जागरूकता बढ़ाने और टीकाकरण सत्रों में अधिक से अधिक बच्चों व गर्भवती महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के बारे में जानकारी दी गई। डब्ल्यूएचओ के सर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ. अक्षय व्यास ने प्रतिभागियों को घर-घर सर्वेक्षण कर लाभार्थियों की सही सूची तैयार करने और टीकाकरण से वंचित बच्चों को चिन्हित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डब्ल्यूएचओ के हेल्थ मॉनिटर गिरीश, रुचि सहित डॉ. शाहीन, डॉ. डिम्पल और डॉ. विद्या उपस्थित रहे।