502 लीटर अवैध शराब जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार; 12 भट्टियां की गईं नष्ट
चित्तौड़गढ़, 17 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): जिले के सेंसेटिव माने जाने वाले धीनवा गांव में आबकारी विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 502 लीटर अवैध शराब जब्त की और 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। विभाग ने गांव में चल रही 12 अवैध भट्टियों को भी नष्ट कर दिया।
जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्र सिंह के अनुसार, सूचना मिली थी कि धीनवा गांव में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाई जा रही है। सुरक्षा दृष्टि से चित्तौड़गढ़, निंबाहेड़ा, डूंगला, बेगूं की आबकारी टीमों और निंबाहेड़ा सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। सहायक आबकारी अधिकारी नरेंद्र जैन की सुपरविजन में रणनीति बनाकर दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान भंवरसिंह, चरणसिंह, भगवानसिंह, लालसिंह, महिपालसिंह, नारायणसिंह और कालुसिंह के घरों से शराब बरामद हुई। इनके पास से क्रमशः 60, 70, 65, 150, 100, 50 लीटर शराब और 9 बोतलें मिलीं। सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
मौके पर 3000 लीटर वॉश नष्ट किया गया, जिससे अवैध शराब तैयार की जा रही थी। यह शराब आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जाती थी। अचानक हुई इस कार्रवाई से गांव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। ऑपरेशन में आबकारी निरीक्षक अरविंद खींची, प्रहराधिकारी हेमराज जाट, श्रवणलाल मीणा, बाघसिंह, पुलिस निरीक्षक संजय शर्मा और पुलिस दल के अन्य सदस्य शामिल रहे।