बदनामी के डर से युवती ने नाली में फेंका भ्रूण, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Share

किराए के कमरे में रहकर कर रही थी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी, अवैध संबंधों से ठहरी थी गर्भवती
बांसवाड़ा, 18 जनवरी:
बांसवाड़ा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बदनामी के डर से एक युवती ने करीब छह माह के भ्रूण को नाली में फेंक दिया। घटना के दो दिन बाद पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। युवती बांसवाड़ा में किराए के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।
एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि 15 जनवरी की सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र में सड़क किनारे नाली में एक अविकसित भ्रूण मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान डीएसपी गोपीचंद मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के पास किराए पर रह रही एक युवती की गतिविधियों को संदिग्ध पाया। पुलिस ने उसे डिटेन कर पूछताछ की, जहां उसने जन्म छिपाने की नीयत से भ्रूण को नाली में फेंकने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिश्नोई ने बताया कि युवती दानपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। परीक्षा के दौरान उदयपुर में उसकी एक युवक से पहचान हुई, जो बाद में प्रेम-प्रसंग में बदल गई। गर्भ ठहरने की जानकारी होने के बावजूद युवती ने बदनामी के डर से परिजनों को कुछ नहीं बताया। करीब छह माह की प्रेग्नेंसी में प्री-मेच्योर डिलीवरी होने पर उसने भ्रूण को नाली में फेंक दिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।