वडोदरा, 11 जनवरी: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज की शानदार शुरुआत करते हुए पहले मुकाबले में 4 विकेट से जीत दर्ज की। वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने 300 रन के लक्ष्य को 49 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा वनडे 14 जनवरी को राजकोट में खेला जाएगा।
कोहली की 93 रन की दमदार पारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय पारी की नींव कप्तान शुभमन गिल (56 रन) और रोहित शर्मा ने रखी। रोहित ने 26 रन बनाए। इसके बाद विराट कोहली ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाते हुए 93 रन की शानदार पारी खेली। कोहली शतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने जीत की राह आसान कर दी। श्रेयस अय्यर ने 49 रन का अहम योगदान दिया, जबकि अंत में केएल राहुल ने नाबाद 29 रन बनाकर छक्का लगाते हुए टीम को जीत दिलाई।
न्यूजीलैंड ने बनाए 300 रन
इससे पहले टॉस जीतकर भारत ने गेंदबाजी चुनी। न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 300 रन बनाए। कीवी टीम की ओर से डेरिल मिचेल ने 84 रन, हेनरी निकोल्स ने 62 और डेवोन कॉन्वे ने 56 रन की पारियां खेलीं। भारत की गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा ने 2-2 विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव को एक सफलता मिली।
जैमिसन की घातक गेंदबाजी
न्यूजीलैंड के काइल जैमिसन भारत के लिए सबसे बड़े खतरे साबित हुए। उन्होंने रोहित शर्मा, विराट कोहली, रवींद्र जडेजा और श्रेयस अय्यर सहित कुल 4 विकेट लिए, लेकिन उनकी कोशिशें टीम को जीत नहीं दिला सकीं।
मैच से जुड़े खास रिकॉर्ड
इस मैच में विराट कोहली ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए और कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया। वहीं रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाते हुए क्रिस गेल को पीछे छोड़ा।