उदयपुर संभाग से चयनित हुए पांच आईएएस, टॉपर अनुज भी शामिल

Share

उदयपुर जिले से दो सगे भाई राहुल और जय परमार, एएसपी लखमन राय राठौड़ का बेटा सौरभ भी चयनित
राजसमंद में हलवाई के बेटे राहुल पालीवाल और बांसवाड़ा में प्रिंसिपल के बेटे निश्चिल जैन का भी हुआ चयन
उदयपुर, 7 मार्च:
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 के परिणाम में उदयपुर संभाग के पांच प्रतिभाशाली युवाओं ने सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इनमें चित्तौड़गढ़ के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया टॉप कर विशेष पहचान बनाई। इसके अलावा उदयपुर के जय-राहुल परमार, एएसपी लक्ष्मण राय राठौड़ के बेटे सौरभ राय राठौड़, राजसमंद के राहुल पालीवाल और बांसवाड़ा के निश्चल जैन का भी चयन हुआ है। सभी ने अपने संघर्ष और अनुशासन से सफलता की नई मिसाल पेश की है।

अनुज अग्निहोत्री: खुशमिजाज अंदाज में हासिल की देश में टॉप रैंक


चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी 26 वर्षीय डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने यूपीएससी 2025 में ऑल इंडिया टॉप कर प्रदेश का मान बढ़ाया। अनुज पहले प्रयास में 2023 में चयनित होकर दिल्ली व केंद्र शासित प्रदेश सेवा में एसडीएम बने थे और दिसंबर 2024 में दिल्ली में पदभार संभाला था। दूसरे प्रयास में मेंस पास किया, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हुआ। तीसरे प्रयास में उन्होंने टॉप रैंक हासिल कर आईएएस बनने का सपना साकार किया।
अनुज का कहना है कि सफलता का मतलब केवल पढ़ाई नहीं, बल्कि जीवन में संतुलन भी जरूरी है। पढ़ाई के साथ उन्होंने फिल्में देखीं, संगीत सुना और दोस्तों के साथ समय बिताया। वे बताते हैं कि सकारात्मक सोच और परिवार का समर्थन सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। इंटरनेट के दौर में छोटे कस्बों के युवाओं के लिए भी अवसर बराबर हैं।

उदयपुर के जय-राहुल परमार: दो भाइयों ने एक साथ पाई सफलता


उदयपुर के माली कॉलोनी निवासी राहुल परमार ने 550वीं और उनके बड़े भाई जय परमार ने 790वीं रैंक हासिल की। राहुल ने आईआईटी दिल्ली से पढ़ाई की, जबकि जय ने आईआईटी गांधीनगर से इंजीनियरिंग की है। जय वर्तमान में नागपुर में असिस्टेंट कमिश्नर इनकम टैक्स के रूप में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
दोनों के पिता लक्ष्मीलाल मेघवाल अजमेर विद्युत वितरण निगम में एक्सईएन हैं, जबकि माता पुनावली के सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल हैं। दोनों भाइयों की एक साथ सफलता से परिवार और शहर में खुशी का माहौल है।

सौरभ राय राठौड़: IFS अधिकारी ने फिर हासिल की सफलता


उदयपुर में अभय कमांड में तैनात एडिशनल एसपी लक्ष्मण राय राठौड़ के बेटे सौरभ राय राठौड़ ने 871वीं रैंक प्राप्त की। इससे पहले 2023 में वे भारतीय वन सेवा (IFS) में 129वीं रैंक के साथ चयनित हो चुके हैं और वर्तमान में देहरादून में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
पाली जिले के मुंडारा के शिवतलाव गांव मूल निवासी सौरभ ने बीकानेर से इंजीनियरिंग की है। उनकी माता मंगला राय जिला परिषद में कार्यरत हैं। दोबारा सफलता हासिल कर उन्होंने अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ता का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

राजसमंद के राहुल पालीवाल: हलवाई के बेटे ने हासिल की 141वीं रैंक



राजसमंद जिले के चारभुजा क्षेत्र के राहुल पालीवाल ने यूपीएससी में 141वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनके पिता नाथूलाल पालीवाल हलवाई का काम करते हैं और माता लक्ष्मी देवी गृहिणी हैं। तीन बहनों के बाद राहुल परिवार के सबसे छोटे सदस्य हैं।
राहुल ने पहले 712वीं रैंक हासिल की थी, लेकिन बेहतर परिणाम के लिए फिर से तैयारी की और इस बार शानदार सफलता पाई। परिणाम आने के बाद वे परिवार के साथ चारभुजानाथ मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

बांसवाड़ा के निश्चल जैन: पांचवें प्रयास में 119वीं रैंक


बांसवाड़ा जिले के गढ़ी क्षेत्र के आंजना निवासी निश्चल जैन ने यूपीएससी में 119वीं रैंक हासिल की। उन्हें यह सफलता पांचवें प्रयास में मिली। इससे पहले 2023 में 460वीं रैंक के साथ उनका चयन भारतीय रक्षा लेखा सेवा (IDAS) में हुआ था।
निश्चल के पिता विनोद जैन सेमलिया स्कूल में प्रिंसिपल हैं, जबकि माता लता जैन गृहिणी हैं। उन्होंने बिना कोचिंग सेल्फ स्टडी से यह उपलब्धि हासिल की। निश्चल ने दिल्ली विश्वविद्यालय से गणित में बीएससी ऑनर्स किया है और अनुशासन व छोटे लक्ष्य बनाकर पढ़ाई को सफलता का मंत्र बताया।