कमर्शियल पायलट बन सकेंगे वागड़ के युवा, ग्रामदानी किसानों को मिलेगा खातेदारी अधिकार udr banswara map
बांसवाड़ा, 11 फरवरी: राजस्थान सरकार के तीसरे बजट में ‘सौ दीपों के शहर’ बांसवाड़ा के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं हुई हैं। बजट भाषण में जिले में फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (FTO) खोलने की घोषणा की है। इसके साथ ही ग्रामदानी गांवों के किसानों को खातेदारी अधिकार देने का निर्णय भी लिया गया है।
इस घोषणा के बाद जिले के युवाओं में खासा उत्साह है, क्योंकि अब वागड़ क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को कमर्शियल पायलट बनने के लिए बड़े शहरों या विदेशों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
पायलट बनने का सपना होगा साकार
फ्लाइंग ट्रेनिंग सेंटर खुलने से बांसवाड़ा के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग उपलब्ध होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि जिले की भौगोलिक स्थिति और सालभर अनुकूल मौसम फ्लाइंग स्कूल के लिए बेहद उपयुक्त है।
एयरस्ट्रिप का होगा विस्तार, रोजगार के नए अवसर
एफटीओ की स्थापना से जिले की एयरस्ट्रिप को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। इससे एविएशन के साथ-साथ हॉस्पिटालिटी, मेंटेनेंस और अन्य सहायक क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। स्थानीय बाजार और पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
ग्रामदानी गांवों को मिलेगा खातेदारी हक
बजट में ग्रामदानी गांवों के किसानों को खातेदारी अधिकार देने की घोषणा भी अहम मानी जा रही है। इससे किसानों को जमीन के अधिकार मिलेंगे और बैंक लोन जैसी सुविधाएं लेने में आसानी होगी।
बांसवाड़ा के लिए अन्य प्रमुख घोषणाएं
कृषि एवं सिंचाई
बागीदौरा में नवीन कृषि उपज (अनाज) मंडी की स्थापना
आम के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खुलेगा
अनास नदी परियोजना से जल संचयन और सिंचाई विस्तार
छोटी सरवन व आम्बापुरा के नॉन-कमाण्ड क्षेत्रों के लिए डीपीआर
सड़क एवं परिवहन
सलूम्बर-बांसवाड़ा (SH-32) के 93 किमी हिस्से का 744 करोड़ से सुदृढ़ीकरण
आंजना से गलिया कोट पुल तक 10 किमी सड़क निर्माण (14 करोड़)
थापड़ा बस स्टैंड से बोराखान्दी तक 6 किमी सड़क (1.60 करोड़)
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य
शेरगढ़ पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत किया जाएगा
तलवाड़ा आयुर्वेद चिकित्सालय को ब्लॉक आयुर्वेद चिकित्सालय बनाया जाएगा
जिला अस्पतालों में सीसीटीवी और सुरक्षा सुविधाएं बढ़ेंगी
खेल एवं शिक्षा
छींच (गांगड़तलाई) में नया खेल स्टेडियम
हिम्मत मैदान (गढ़ी-परतापुर) में स्टेडियम निर्माण
जिले में फ्लाइंग ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना
सामाजिक एवं आर्थिक विकास
आदिवासी युवाओं के लिए लघु वन उपज प्रोसेसिंग सेंटर
महिला शक्ति पोल्ट्री समूह के माध्यम से बैकयार्ड पोल्ट्री क्लस्टर
जनजातीय छात्रावासों का निर्माण व सुधार
पालोदा में विद्युत विभाग का सहायक अभियंता कार्यालय
भड़केश्वर में पर्यटन विकास कार्य