पीड़िता का मेडिकल कराया, डीएसपी को सौंपी जांच
उदयपुर, 12 फरवरी: शहर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र में एक युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में भाजपा के पूर्व पार्षद व नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद गुरुवार को उसका मेडिकल परीक्षण कराया। मामले की जांच पुलिस उपअधीक्षक सूर्यवीर सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर परिवाद पेश किया। उसने आरोप लगाया कि पूर्व पार्षद राकेश पोरवाल ने अपना राजनीतिक रसूख बताते हुए नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और बार-बार मिलने के लिए बुलाता रहा। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर धमकी दी।
पीड़िता ने बताया कि काफी समय तक रोजगार नहीं मिलने और लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद जब कोई मदद नहीं हुई तो उसने शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया। एसपी के निर्देश पर हिरणमगरी थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उधर, आरोपी भाजपा नेता राकेश पोरवाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल बंद होने के कारण पक्ष नहीं मिल सका।