दुबई में फंसे आरसीए पूर्व उपाध्यक्ष, 3 घंटे प्लेन में बैठे रहे; होटल में गूंजते रहे अलर्ट सायरन

Share

इजराइल-ईरान तनाव के चलते रद्द हुई फ्लाइट, भारत सरकार से सुरक्षित वापसी की अपील
उदयपुर, 1 मार्च:
पश्चिम एशिया में बढ़ते इजराइल-ईरान तनाव का असर अब विदेशों में मौजूद भारतीयों पर भी दिखाई देने लगा है। चित्तौड़गढ़ निवासी और राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के पूर्व उपाध्यक्ष शक्ति सिंह राठौड़ इन दिनों दुबई में फंसे हुए हैं। उनकी 28 फरवरी की वापसी फ्लाइट आखिरी समय पर रद्द कर दी गई, जिससे वे और उनके साथी अनिश्चितता के बीच वहां ठहरने को मजबूर हैं।
राठौड़ 23 फरवरी को जयपुर से दिल्ली होते हुए दुबई पहुंचे थे। वे एक मित्र के आवास पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उनके साथ तीरथ सिंह रावत, उज्जैन महाकाल मंदिर के पुजारी विकास शर्मा सहित कुछ अन्य परिचित भी थे। कार्यक्रम के बाद तीरथ सिंह रावत 25 फरवरी को भारत लौट आए, जबकि राठौड़ समेत अन्य की वापसी 28 फरवरी को तय थी।
राठौड़ ने बताया कि वे निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पहुंचे, चेक-इन की प्रक्रिया पूरी की और विमान में जाकर अपनी सीट पर बैठ गए। करीब तीन घंटे तक विमान में बैठे रहने के बाद जानकारी दी गई कि इजराइल-ईरान तनाव के चलते कुछ उड़ानों को अनुमति नहीं मिली है। इसके बाद फ्लाइट रद्द कर दी गई। विमान से उतरने के बाद एयरपोर्ट पर भारी भीड़ और अफरातफरी का माहौल था।
रात में होटल पहुंचने पर स्थिति और चिंताजनक हो गई। करीब 11:30 बजे होटल में कई बार अलर्ट सायरन बजा, जिससे मेहमान लॉबी में इकट्ठा हो गए। टीवी समाचारों में बड़े होटलों को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई जा रही थी। एहतियातन राठौड़ अपने एक परिचित के घर चले गए। उन्होंने बताया कि रातभर धमाकों जैसी आवाजें सुनाई देती रहीं और सामान्यतः चहल-पहल वाला शहर असामान्य रूप से शांत दिखा। राठौड़ ने भारत सरकार से विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है। फिलहाल वे सुरक्षित हैं, लेकिन हालात को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।