गहलोत का मोदी सरकार पर सवाल – कन्हैयालाल केस में क्या है रहस्य?

Share

पूर्व मुख्यमंत्री बोले, तीन साल बाद भी फैसला नहीं, भाजपा ने चुनावी फायदा उठाया

उदयपुर, 21 सितम्बर: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उदयपुर प्रवास के दौरान पत्रकार वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार पर कड़ा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कन्हैयालाल हत्याकांड को तीन साल से अधिक हो गए हैं, लेकिन अब तक इस केस में फैसला नहीं आया। प्रधानमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर इस मामले में क्या रहस्य छिपा है।
एनआईए की जांच पर उठाए सवाल
गहलोत ने कहा कि वारदात के पहले ही दिन केस एनआईए को सौंप दिया गया था। अब तक मात्र 15 गवाहों के बयान हुए हैं जबकि कुल 166 गवाह हैं। यहां तक कि कन्हैयालाल के बेटे का बयान भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि मारने वाले भाजपा के कार्यकर्ता थे और यदि केस कांग्रेस सरकार के पास रहता तो अब तक फैसला आ चुका होता।
भाजपा पर लगाया झूठ फैलाने का आरोप
गहलोत ने कहा कि भाजपा ने इस मुद्दे को चुनावों में खूब भुनाया। झूठा प्रचार किया गया कि मुसलमान को 50 लाख और हिंदू को सिर्फ 5 लाख मिले। यही हमारी हार का एक कारण बना। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को इस बात की चिंता नहीं है कि जनता उनके बारे में क्या सोच रही होगी।
कांग्रेस को एकजुट होने का संदेश
मेवाड़-वागड़ की स्थिति पर गहलोत ने कहा कि सभी चाहते हैं कांग्रेस मजबूत होकर लौटे। इसके लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने डूंगरपुर में अन्नपूर्णा योजना के खाली थैलों पर मोदी की तस्वीर और कांग्रेस सरकार के दौरान भरे थैलों पर मुख्यमंत्री की तस्वीर का उदाहरण देते हुए भाजपा पर योजनाएं बंद करने का आरोप लगाया।
कानून-व्यवस्था और बाढ़ प्रबंधन पर सवाल
गहलोत ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और बिगड़ी कानून-व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नौ, बारह और पंद्रह साल की बच्चियों से रेप जैसी घटनाएं हो रही हैं। बांसवाड़ा की घटना दिल्ली के निर्भया कांड जैसी है। उन्होंने कहा कि अपराध रोकना कठिन हो सकता है, लेकिन सरकार और पुलिस का भय बना रहना चाहिए।
निकाय चुनाव और पारदर्शिता पर बयान
निकाय चुनाव को समय पर कराने की मांग करते हुए गहलोत ने कहा कि राजनीति ईमानदारी से होनी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एफिडेविट मांगने के बजाय शिकायतों की जांच होनी चाहिए।
परिजनों से मुलाकात
गहलोत ने प्रेसवार्ता से पूर्व कन्हैयालाल के परिजनों से मुलाकात की और केस की जानकारी ली। इस दौरान सांसद प्रत्याशी ताराचंद मीणा, प्रदेश महासचिव पंकज शर्मा, लालसिंह झाला सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
हाईकोर्ट केन्द्र सरकार और सुप्रीम कोर्ट का मामला
गहलोत ने उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच के मामले में कहा कि यह केन्द्र सरकार और सुप्रीम कोर्ट का मामला है।