देवनारायण मंदिर से सोने का कलश चोरी, गांव में आक्रोश

Share

शिखर से 3 तोला कलश गायब, सुबह दर्शन पर पहुंचे ग्रामीणों को चला पता
चित्तौड़गढ़, 15 फरवरी:
जिले के तंबोलिया गांव स्थित देवनारायण मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर के शिखर पर लगा सोने का कलश चुरा ले गए। कलश का वजन करीब 3 तोला बताया जा रहा है, जिसकी कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये आंकी गई है।
चोरी का खुलासा सोमवार सुबह हुआ, जब ग्रामीण नियमित दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शिखर पर लगा सोने का कलश गायब है। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जमा हो गए। ग्रामीणों का अनुमान है कि वारदात रात के समय हुई।
घटना की सूचना तुरंत धागड़मऊ पुलिस चौकी को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटा रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि यह मंदिर गांव की आस्था का प्रमुख केंद्र है। चोरी से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का खुलासा करने की मांग की है। पुलिस ने जांच तेज करने का आश्वासन दिया है।