डूंगरपुर में सूने मकान से 35 लाख का सामान चोरी

Share

डूंगरपुर, 17 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के चुंडियावाडा पाड़ा नई बस्ती में एक सूने मकान से चोरों ने करीब 35 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। पीड़ित गरवर सिंह राठौड़ नौकरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। उनकी पत्नी भमुकुंवर और पुत्र महावीर दोपहर करीब एक बजे घर पर ताला लगाकर गेहूं पिसवाने गए थे। लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पाया।
चोरों ने घर के अंदर तिजोरी के ताले तोड़कर चोरी की। गरवर सिंह के अनुसार चोरी में 20 तोला सोने की दो जोड़ी बंगड़ी, दो हार, तीन चेन, दो जोड़ी झुमके और दो अंगूठियां शामिल हैं। इसके अलावा दो किलो चांदी और 1 लाख 10 हजार रुपए नकद भी ले गए। सोने की कीमत लगभग 30 लाख और चांदी की कीमत 4 लाख रुपए आंकी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दोवड़ा थाने के सीआई भंवर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।