कुंभलगढ़ में मोबाइल ऑडियो गाइड, ग्रेनाइट-मार्बल उद्योगों के लिए बनेगा हाट बाजार
उदयपुर, 10 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): राजसमंद कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में पंच गौरव कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले में आईपीएल की तर्ज पर हॉकी प्रीमियर लीग का आयोजन होगा। साथ ही कुंभलगढ़ पर्यटन और ग्रेनाइट-मार्बल उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी।
उप निदेशक (आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग) डॉ. पीयूष कुमार भंडारी ने बताया कि राज्य सरकार ने पंच गौरव कार्यक्रम के तहत राजसमंद को पाँच गौरवों—नीम, हॉकी, सीताफल, ग्रेनाइट-मार्बल और कुंभलगढ़—के प्रचार-प्रसार हेतु 25 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया है।
कलेक्टर ने नीम के औषधीय और पर्यावरणीय लाभों के प्रचार के साथ बड़े पैमाने पर पौधारोपण के निर्देश दिए। कुंभलगढ़ दुर्ग की ऐतिहासिक धरोहर को पर्यटकों तक सहजता से पहुंचाने के लिए क्यूआर कोड आधारित मोबाइल ऑडियो गाइड प्रणाली विकसित की जाएगी तथा टिकट केंद्र पर पर्यटक सहायता कियोस्क स्थापित किया जाएगा। हॉकी को प्रोत्साहन देने के लिए जिले में हॉकी प्रीमियर लीग और राष्ट्रीय खिलाड़ियों से संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, सीताफल की प्रोसेसिंग तकनीक किसानों को सिखाने और ग्रेनाइट-मार्बल उद्योगों के लिए हाट बाजार व म्यूजियम विकसित करने के निर्देश दिए गए। शहर के प्रमुख स्थलों पर कलात्मक मूर्तियां स्थापित की जाएंगी।