जिला अस्पताल, सेटेलाइट व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध होगी
सुविधा
उदयपुर, 11 मार्च: प्रदेश में महिलाओं और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अब चुनिंदा सरकारी अस्पतालों में प्रतिदिन उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब जिला अस्पतालों, सेटेलाइट अस्पतालों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में नियमित रूप से एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक किशोरियों और महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करना है। एचपीवी वायरस को सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है, इसलिए समय पर लगाया गया टीका इस बीमारी से बचाव में प्रभावी साबित होता है।
उदयपुर जिले में यह वैक्सीन भुवाणा स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सेटेलाइट अस्पताल तथा जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध रहेगी। इन केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में प्रतिदिन टीकाकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों और पात्र किशोरियों से अपील की है कि वे सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर एचपीवी टीकाकरण का लाभ उठाएं। इससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।