IIM उदयपुर और PRICE मिलकर करेंगे वित्तीय समझदारी का बड़ा सर्वे

Share

IIM उदयपुर और PRICE मिलकर करेंगे वित्तीय समझदारी का बड़ा सर्वे
राजस्थान और गुजरात के 4,000 लोगों से पूछेंगे—पैसों का कैसे करते हैं इस्तेमाल

सुभाष शर्मा
उदयपुर। 31 जुलाई
IIM उदयपुर और दिल्ली की संस्था PRICE (People Research on India’s Consumer Economy) मिलकर राजस्थान और गुजरात में एक बड़ा सर्वे शुरू करने जा रहे हैं। इस सर्वे का मकसद है यह जानना कि लोग अपने पैसों को कितना समझते हैं, कैसे बचाते हैं और कहां खर्च करते हैं।
इस सर्वे के ज़रिए एक “Financial Maturity Index” यानी वित्तीय समझदारी सूचकांक तैयार किया जाएगा। इससे सरकार को यह पता चल सकेगा कि आम लोग पैसों को लेकर कितनी समझ रखते हैं और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। इस सर्वे में कुल 4,000 लोग शामिल होंगे, जिनमें 1,900 ग्रामीण और 2,100 शहरी लोग होंगे। ये लोग अलग-अलग उम्र, शिक्षा, नौकरी और आय वर्ग से लिए जाएंगे। सर्वे अगस्त 2025 से शुरू होगा और छह महीने तक चलेगा। PRICE की टीम घर-घर जाकर सवाल पूछेगी। टीम के सभी सदस्य पहचान-पत्र के साथ होंगे और कोई भी निजी जानकारी किसी को नहीं दी जाएगी। यह जानकारी सिर्फ पढ़ाई और नीति बनाने के काम आएगी। IIMU और PRICE ने लोगों से अपील की है कि वे इस सर्वे में सहयोग करें, ताकि देश की वित्तीय व्यवस्था और भी बेहतर बनाई जा सके।

राजस्थान के ये जिले होंगे शामिल: अजमेर, बांसवाड़ा, चूरू, गंगानगर, जयपुर, जैसलमेर, झालावाड़, करौली और उदयपुर।
गुजरात के ये जिले होंगे शामिल: अहमदाबाद, बनासकांठा, जामनगर, जूनागढ़, राजकोट, सूरत, वडोदरा और वलसाड।

सर्वे में यह देखा जाएगा
लोग पैसे कैसे संभालते हैं।
कितनी बचत करते हैं।
बीमा या लोन जैसे उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं या नहीं।
डिजिटल पेमेंट जैसे तरीकों को कितना अपनाते हैं।