गोगुंदा के रावलिया खुर्द में आधी रात घर में घुसकर बुजुर्गों से लूट

Share

आधी रात वृद्ध दंपती को चाकू की नोक पर बंधक बनाया, चार तोला सोना लूटकर फरार, दोनों घायल
गोगुंदा, 12 फरवरी :
उदयपुर के गोगुन्दा थाना क्षेत्र की रावलिया खुर्द ग्राम पंचायत के अवानी के खेजड़िया खेत फला में बुधवार देर रात लूट की वारदात सामने आई। आधी रात घर में सो रहे वृद्ध दंपती को पांच नकाबपोश बदमाशों ने चाकू की नोक पर बंधक बनाकर मारपीट की और करीब चार तोला सोना लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पीड़िता मोहनी बाई (69) के पुत्र रोड सिंह ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे बदमाश दरवाजा तोड़कर घर में घुसे। आरोपियों ने मोहनी बाई को काबू कर उनसे सोने की नथ, बूटियां और सिर पर पहना आभूषण छीन लिया। विरोध करने पर मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गईं।
शोर सुनकर जागे उनके पति कुशाल सिंह (72) के साथ भी बदमाशों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों के जागने की आहट मिलते ही आरोपी फरार हो गए। सूचना पर गोगुंदा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। उप निरीक्षक हितेश यादव ने बताया कि एफएसएल टीम से साक्ष्य जुटाए जाएंगे। अज्ञात बदमाशों की तलाश जारी है।