उदयपुर में तेज रफ्तार कार ने नाश्ता कर रहे लोगों को रौंदा, दो की मौत

Share

20 फीट दूर उछला ठेला, लोगों ने तीन घंटे लगाया जाम और की नारेबाजी
उदयपुर, 25 जनवरी:
उदयपुर में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही कार ने रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे को जन्म दिया। अंबामाता थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने सड़क किनारे नाश्ता कर रहे लोगों को कार ने कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चाय-नाश्ते का ठेला करीब 20 फीट दूर जा गिरा और कार करीब 150 मीटर आगे जाकर पलट गई।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 7 बजे अंबामाता थाने से महज 150 मीटर की दूरी पर हुआ। तेज रफ्तार कार ने पहले ठेले को टक्कर मारी और फिर पास खड़े चार लोगों को चपेट में ले लिया। छीपा कॉलोनी निवासी अब्दुल मजीद (70) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोहम्मद इमरान (35) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों रोज की तरह नमाज के बाद शक्ति टी स्टॉल पर चाय-नाश्ता कर रहे थे। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। टक्कर के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने बाद में ड्राइवर सहित दो लोगों को डिटेन कर लिया है और मामले की जांच जारी है।


गुस्साए लोगों का सड़क जाम
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 9 बजे सड़क जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मृतक अब्दुल मजीद के बेटे मोहम्मद यूसुफ ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस की समझाइश के बाद करीब 12 बजे जाम खुलवाया जा सका।