इंग्लैंड को 100 रन से हराकर भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की
हरारे, 6 फरवरी: भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में छठा खिताब अपने नाम कर लिया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर बनाया।
14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार पारी खेली और 80 गेंदों पर 175 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उन्होंने 218.75 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट में उच्चतम स्कोर बनाया और प्लेयर ऑफ द मैच के साथ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार भी जीता। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रन का योगदान दिया।
इंग्लैंड को जवाब में 412 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे टीम 40.2 ओवरों में 311 रन पर ऑल-आउट हो गई। भारतीय गेंदबाजों में आरएस अंबरीश ने 3 विकेट लिए, जबकि दीपेश देवेन्द्रन और कनिष्क चौहान को 2-2 विकेट मिले। इंग्लैंड की ओर से कालेब फॉल्कनर ने 115 और बेन डॉकिन्स ने 66 रन की पारी खेली।
इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में छठा खिताब अपने नाम कर युवा क्रिकेटरों की प्रतिभा का लोहा मनाया।
भारत की प्लेइंग-11:
आयुष म्हात्रे (कप्तान), आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), वेदांत त्रिवेदी, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेन्द्रन।
इंग्लैंड की प्लेइंग-11:
थॉमस रेव (कप्तान), बेन डॉकिन्स, जोसेफ मोरिस, बेन मेयस, कालेब फॉकनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मीटो, मैनी लुम्सडेन, एलेक्स ग्रीन।