एक दिवसीय कार्यशाला में मिला माइक्रोप्लानिंग पर तकनीकी मार्गदर्शन
उदयपुर, 17 नवम्बर (पंजाब केसरी): मेडिकल एंड हैल्थ विभाग तथा डब्ल्यूएचओ के तत्वावधान में शनिवार को हिरणमगरी स्थित एक निजी होटल में नवनियुक्त स्वास्थ्य कार्मिकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें करीब 106 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 40 नवनियुक्त मेडिकल ऑफिसर तथा 66 प्रसाविका/एएनएम शामिल थीं। कार्यशाला का उद्देश्य राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के सुदृढ़ क्रियान्वयन तथा माइक्रोप्लानिंग की गुणवत्ता बढ़ाना था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने कहा कि सभी नव नियुक्त चिकित्साधिकारियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, योजनाओं और उनकी रिपोर्टिंग प्रणाली की पूर्ण जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने सटीक व समयबद्ध रिपोर्टिंग के लिए आवश्यक दिशानिर्देश भी साझा किए।
शहर प्रभारी एवं उप निदेशक डॉ. कैलाश शर्मा ने राष्ट्रीय टीकाकरण सारणी कोल्ड चेन मैंटेनेंस और टीकाकरण के प्रतिकूल प्रभाव (AEFI) से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
डब्ल्यूएचओ के सर्विलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ. अक्षय व्यास ने हैंड काउंट सर्वे, माइक्रोप्लानिंग तथा वीपीडी सर्विलेंस के तहत टीकाकरण से रोकी जा सकने वाली बीमारियों पर प्रभावी जानकारी प्रदान की।
आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता ने सेक्टर मीटिंग की मजबूती और ओडीके ऐप आधारित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। वहीं राइस कार्यक्रम के प्रोजेक्ट ऑफिसर नीरज मिश्रा ने राइस ट्रेनिंग से जुड़ी जानकारी साझा की।