हल्दी कार्यक्रम से लौटे तो घर के बाहर दिखे चोर, पत्नी के शोर पर अंधेरे में भागे
बांसवाड़ा, 16 फरवरी : बांसवाड़ा के राजतालाब थाना क्षेत्र की शारदा कॉलोनी में बीती रात चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए सूने मकान में बड़ी सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार मांगलिक कार्यक्रम में गया हुआ था और इसी दौरान चोर करीब साढ़े चार लाख रुपये के जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार कॉलोनी निवासी मोहित जरादी अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के यहां हल्दी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात जब परिवार वापस लौटा तो घर के बाहर दो संदिग्ध युवक नजर आए।
मोहित की पत्नी ने तुरंत शोर मचाया, जिस पर दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। जब तक पड़ोसी बाहर निकलते, चोर गायब हो चुके थे। घर के भीतर पहुंचने पर परिजनों को सामान बिखरा हुआ मिला। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर करीब 22 ग्राम सोने के जेवरात (कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये), करीब 200 ग्राम चांदी के जेवरात (लगभग 50 हजार रुपये) और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। परिजनों ने बताया कि लौटते समय संदिग्धों को भागते देखा था, लेकिन अंदर पहुंचने पर जीवनभर की जमा पूंजी गायब मिली।
आधी रात को एफआईआर, सीसीटीवी खंगल रही पुलिस
सूचना पर राजतालाब थानाधिकारी देवीलाल मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस की सलाह पर पीड़ित ने रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। चोरी की घटना के बाद शारदा कॉलोनी में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
बांसवाड़ा में लाखों के जेवर और नकदी चोरी, आरोपी फरार
A 25 kg garland was put on the pilot using a crane