राजसमंद, 9 मार्च: राजसमंद के श्रीनाथजी थाना क्षेत्र में जोधपुर के ज्वेलरी व्यापारी का संदिग्ध हालात में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिलाड़ा (जोधपुर) निवासी दिनेश टांक के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से बकाया चांदी और रुपए लेने नाथद्वारा आए हुए थे।
मृतक के भांजे मुकेश टांक ने आरोप लगाया कि उनके मामा की हत्या की गई है। उसने बताया कि दिनेश टांक स्थानीय ज्वेलर विजय सोनी और उनकी पत्नी के यहां रुके हुए थे और उनसे चांदी व रुपए की मांग कर रहे थे। भांजे के अनुसार देर रात करीब 1:30 बजे उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया था।
डीएसपी शिप्रा राजावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और एक संदिग्ध को डिटेन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।