हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक
उदयपुर, 8 मार्च: मूवी बनाने के नाम पर करीब 30 करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में उदयपुर निवासी दिनेश कटारिया को राजस्थान हाईकोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगाते हुए उन्हें पुलिस जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।
इस मामले में उदयपुर पुलिस पिछले चार माह से कटारिया की तलाश कर रही थी, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई। इससे पहले उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए उदयपुर की निचली अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जहां से उन्हें राहत मिली।
आरोप है कि कटारिया ने परिवादी डॉ. अजय मुर्डिया को फिल्म निर्माण के नाम पर मुंबई के फिल्म डायरेक्टर विक्रम भट्ट सहित अन्य लोगों से मिलवाया था। जांच के दौरान फर्जी बिलों को सत्यापित करने और धोखाधड़ी की साजिश में शामिल होने के आरोप लगाए गए।
कटारिया ने कोर्ट में कहा कि वे डॉ. मुर्डिया के कहने पर ही विक्रम भट्ट से मिले थे और फिल्म के बजट या लेन-देन की जानकारी उन्हें नहीं थी। उल्लेखनीय है कि इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट पहले ही विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट को जमानत दे चुका है।