गोदाम पर पुलिस की दबिश, 106 ग्राम एमडी व भारी मात्रा में केमिकल जब्त
प्रतापगढ़, 2 फरवरी: प्रतापगढ़ में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां किराना दुकान की आड़ में एमडी (मेथिलेंडियोक्सीमेथामफेटामाइन) का निर्माण किया जा रहा था। पुलिस ने गोदाम पर दबिश देकर एमडी, लिक्विड केमिकल और ड्रग निर्माण में उपयोग होने वाला भारी उपकरण बरामद किया है, हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
थानाधिकारी शंभुसिंह ने बताया कि 2 फरवरी को सूचना मिली थी कि धर्मचंद नांगरा जैन और रोहित मोगरा जैन अपनी किराना दुकान की आड़ में एमडी की तस्करी व निर्माण कर रहे हैं। इस पर प्रशटर रोड स्थित पानी की टंकी के पास नाकोड़ा किराना एंड जनरल स्टोर के पीछे बने गोदाम पर छापा मारा गया।
दबिश के दौरान कमरे में तेज बदबू और आंखों में जलन महसूस हुई। तलाशी में एक लोहे के ड्रम पर रखी प्लास्टिक थैली से 106 ग्राम एमडी तथा सात प्लास्टिक जेरिकेन में भरा 114.750 किलोग्राम लिक्विड केमिकल बरामद किया गया। इसके अलावा ड्रम, इलेक्ट्रॉनिक हीटर, हॉट एयर ब्लोअर, कांच के फ्लास्क, इलेक्ट्रॉनिक कांटा सहित कई उपकरण जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वे फरार मिले। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।