मुंबई, 8 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले फेज के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि 2008 में 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के समय कांग्रेस सरकार ने कार्रवाई न कर कमजोरी का संदेश दिया और आतंकियों के सामने घुटने टेके। मोदी ने बताया कि हमारी सेनाएं पाकिस्तान पर हमला करने के लिए तैयार थीं, लेकिन विदेशी दबाव के कारण उसे रोका गया।
पीएम ने मनमोहन सरकार में गृह मंत्री रहे पी. चिदंबरम के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे देश की इच्छानुसार कार्रवाई की जा सकती थी, लेकिन तब की सरकार ने ऐसा नहीं किया।
मोदी ने अपने 22 मिनट के संबोधन में नवी मुंबई एयरपोर्ट, ऑपरेशन सिंदूर, जीएसटी सुधार और विकसित भारत की योजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग का सशक्तिकरण आज सरकार की प्राथमिकता है। एयरपोर्ट और मेट्रो परियोजनाओं से मुंबई में कनेक्टिविटी और विकास बढ़ेगा। उन्होंने 2030 तक भारत को एमआरओ हब बनाने और युवाओं के लिए रोजगार सृजन के लक्ष्य पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने स्वदेशी अपनाने और निवेश व उद्योग को बढ़ावा देने पर भी बल दिया, साथ ही भ्रष्टाचार और सत्ता-केंद्रित नीतियों के खिलाफ चेताया।