बाहुबली हिल्स की आग में फंसे एमपी के पर्यटक की मौत

Share

दम घुटने से गई जान, 3 हेक्टेयर जंगल जलकर खाक; रेस्क्यू के बाद एमबी अस्पताल में तोड़ा दम
उदयपुर, 10 मार्च:
उदयपुर के बाहुबली हिल्स क्षेत्र में सोमवार रात जंगल में लगी भीषण आग में फंसे मध्यप्रदेश के एक पर्यटक की मौत हो गई। आग के कारण पहाड़ी का करीब 3 हेक्टेयर क्षेत्र जलकर खाक हो गया। रेस्क्यू टीम द्वारा बेहोशी की हालत में बाहर निकालकर उसे महाराणा भूपाल (एमबी) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
फायर ब्रिगेड के अनुसार मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के रतलाम जिले की जावरा तहसील के ऊपरवाड़ा गांव निवासी माखन सिंह (33) के रूप में हुई है। वह सोमवार रात अकेले ही बाहुबली हिल्स पर घूमने गया था। इसी दौरान जंगल में आग फैल गई और वह उसमें फंस गया।
माखन सिंह ने इमरजेंसी नंबर पर कॉल कर आग लगने की सूचना दी थी। जब तक रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, वह बेहोश हो चुका था। उसे तुरंत एमबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मंगलवार सुबह करीब 7 बजे उसकी मौत हो गई।
एमबी अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण आग के कारण दम घुटना माना जा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।
3 हेक्टेयर जंगल जलकर खाक
फायर ब्रिगेड अधिकारी बी.एल. चौधरी ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि पूरी पहाड़ी काले धुएं से घिर गई थी। देर रात तक चले अभियान के बाद करीब 12 बजे आग पर काबू पाया जा सका। इसके बावजूद सुरक्षा के तौर पर रातभर फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर तैनात रहीं।
ट्रैकिंग और प्री-वेडिंग शूट के लिए प्रसिद्ध क्षेत्र
शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर बड़ी लेक के पास स्थित बाहुबली हिल्स ट्रैकिंग और प्री-वेडिंग फोटो शूट के लिए लोकप्रिय स्थल है। वन विभाग के अनुसार इस क्षेत्र में कई दुर्लभ वनस्पतियां भी पाई जाती हैं, जिन्हें आग से नुकसान पहुंचा है।
इस सीजन में पांचवीं आग की घटना
जानकारी के अनुसार इस सीजन में पहाड़ियों पर आग लगने की यह पांचवीं घटना है। इससे पहले नीमचमाता, ऋषभदेव, चित्रकूट नगर और बड़ी गांव स्थित पांडवा की पहाड़ी पर भी आग लग चुकी है।