प्रेग्नेंट प्रेमिका और मासूम बेटे की हत्या का खुलासा
कार में बैठाकर 20 किमी दूर ले गए, गला दबाकर की वारदात; मुख्य आरोपी गिरफ्तार
राजसमंद, 20 फरवरी: जिले के भीम थाना क्षेत्र में 8 माह की गर्भवती महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमी ने छुटकारा पाने के लिए महिला और मासूम को कार में बैठाकर करीब 20 किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। नौ दिन बाद पुलिस पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ।
एसपी ममता गुप्ता के अनुसार, कुशलपुरा ग्राम पंचायत के चॉक हीरात निवासी प्रियंका (21) 11 फरवरी की रात अपने बेटे आर्यन के साथ लापता हो गई थी। 12 फरवरी को पति हरिसिंह रावत ने गुमशुदगी दर्ज कराई। संदेह के आधार पर पुलिस ने कानेतो की वैर निवासी गोविंदसिंह रावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने वारदात कबूल ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से शादीशुदा था और प्रियंका से संबंध में था। उसने अपने साथी राहुलसिंह के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। 11 फरवरी की रात प्रियंका को फोन कर बुलाया गया और कार में बैठाकर दर्रा के जंगलों में ले जाकर दोनों का गला घोंट दिया गया।
तालाब और जंगल से मिले शव
हत्या के बाद महिला के शव को पत्थर बांधकर भीम तालाब में फेंक दिया गया, जबकि बच्चे का शव जंगल में छोड़ दिया गया। 19 फरवरी को एसडीआरएफ की मदद से 16 फीट गहरे पानी से महिला का शव निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। मुख्य आरोपी गिरफ्तार है, जबकि उसका साथी फरार है। पुलिस साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।