नेशनल स्कूली हॉकी प्रतियोगिता: राजस्थान ने जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक को हराया

Share

उदयपुर में दूसरे दिन राजस्थान की टीम ने दिखाई दमदार खेल क्षमता
उदयपुर, 13 जनवरी:
उदयपुर के सरकारी फतह स्कूल में चल रही नेशनल लेवल स्कूली हॉकी प्रतियोगिता (19 वर्ष) के दूसरे दिन राजस्थान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो लीग मुकाबले अपने नाम किए। पहले मुकाबले में राजस्थान ने जम्मू-कश्मीर को 4-2 से हराया। खेलगांव के एस्ट्रोटर्फ मैदान में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान शुरू से हावी रही। जम्मू-कश्मीर ने मध्य खेल में दो गोल किए और वापसी की कोशिश की, लेकिन राजस्थान की कड़ी रणनीति के आगे वे टिक न सके।
कर्नाटक को 4-1 से शिकस्त
दूसरे मुकाबले में राजस्थान ने कर्नाटक को 4-1 से हराया। इस मैच में अमित पांडे, आशीष डामोर और कृष्णा गमेती ने बेहतरीन खेल दिखाया। राजस्थान टीम की आक्रामक रणनीति और बेहतरीन पासिंग ने प्रतिद्वंद्वी को मात दी।
अन्य मुकाबलों में भी रोमांचक परिणाम
खेलगांव मैदान पर झारखंड ने छत्तीसगढ़ को 18-1, केरल ने तमिलनाडु को 6-1, और आईपीएससी ने तेलंगाना को 5-4 से हराया। बीएन कॉलेज मैदान में केरल ने महाराष्ट्र को 4-1, सीआईएसई ने आईपीएससी को 5-1, और उत्तर प्रदेश ने डीएवी को 7-0 से मात दी। एमबी मैदान में हिमाचल प्रदेश ने सीबीएसई वेलफेयर को 2-0, पंजाब ने हिमाचल को 5-1, और बिहार ने पुड्डुचेरी को 10-1 से हराया।
खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं का ध्यान
मीडिया समिति प्रभारी गोपालसिंह आसोलिया ने सुनिश्चित किया कि खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए समय पर भोजन, पानी और नाश्ता उपलब्ध हो। किसी भी अव्यवस्था पर तुरंत समाधान के निर्देश दिए गए।