निम्बाहेड़ा जज की पत्नी को साइलेंट हार्ट अटैक, ट्रेन के टॉयलेट में मिला शव

Share

चित्तौड़गढ़, 5 मार्च: निंबाहेड़ा में पदस्थ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) की पत्नी की चलती ट्रेन में साइलेंट हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनका शव ट्रेन के टॉयलेट में मिला। घटना से न्यायिक व प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर है।
एडीजे राजकुमार चौहान और उनकी पत्नी उषा (42) जोधपुर से चित्तौड़गढ़ आ रहे थे। दोनों ने काचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस (17606) में अलग-अलग कोच में आरक्षण कराया था। बुधवार सुबह ट्रेन के चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर एडीजे उतर गए, लेकिन पत्नी प्लेटफॉर्म पर नजर नहीं आईं। सूचना पर जीआरपी ने जांच शुरू की।
मोबाइल लोकेशन ट्रेन में ही मिलने पर आगे के स्टेशनों को अलर्ट किया गया। करीब 156 किमी दूर जावरा स्टेशन पर तलाशी के दौरान कोच के टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद मिला। तोड़ने पर उषा अचेत अवस्था में मिलीं। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
नीमच जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी के अनुसार प्रारंभिक जांच में साइलेंट हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई है। परिजन बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव जोधपुर ले गए।