उदयपुर, 7 फरवरी: उदयपुर के तहत वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल के तहत उदयपुर में शनिवार शाम प्रस्तावित तुर्की की गायिका सेलीन सुम्बुलटेपे के कार्यक्रम को लेकर विरोध शुरू हो गया है। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन कर तुर्की के कलाकारों को मंच न देने की मांग की।
NSUI कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्की ने पाकिस्तान का सहयोग किया था, ऐसे में तुर्की के कलाकारों को भारत में मंच देना गलत है। उन्होंने वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल में तुर्की कलाकार की प्रस्तुति रोकने के साथ ही पूरे फेस्टिवल को निरस्त करने की मांग की। इस संबंध में NSUI कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा को ज्ञापन सौंपा।
NSUI के पूर्व जिला अध्यक्ष मोहित नायक ने कहा कि महाराणा प्रताप की पवित्र धरती पर तुर्की के कलाकारों को मंच देना पूरी तरह अनुचित है। यदि समय रहते कार्यक्रम नहीं रोका गया, तो संगठन उग्र विरोध करेगा, जिसकी जिम्मेदारी आयोजकों और जिला प्रशासन की होगी।
उल्लेखनीय है कि सेलीन सुम्बुलटेपे तुर्की की जानी-मानी फ्यूजन फोक पॉप गायिका हैं और उनका कार्यक्रम शनिवार शाम को प्रस्तावित है। उनके शो को लेकर शहर में विरोध के चलते माहौल गरमा गया है।