अमेरिकी नागरिकों से ऑनलाइन ठगी का भंडाफोड़, युवती सहित 12 गिरफ्तार

Share

एपल प्रोडक्ट पर फर्जी रिफंड के नाम पर डॉलर में वसूली, 4 लैपटॉप-14 मोबाइल जब्त
उदयपुर, 24 फरवरी:
गोगुंदा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने युवती सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन और 2 वाहन जब्त किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि थानाधिकारी श्याम सिंह के नेतृत्व में टीम ने गोगुंदा क्षेत्र के कुमावतों का गुड़ा स्थित न्यू मेवाड़ काठियावाड़ी होटल में दबिश दी। यहां ‘सनसेट एडवेंचर’ नामक कंपनी के नाम पर संचालित कार्यालय में 10-12 लोग मिलकर अमेरिकी नागरिकों की निजी जानकारी जुटाकर उन्हें इंटरनेट कॉल व मैसेज कर रहे थे।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को एप्पल कंपनी का कर्मचारी बताकर अमेरिकियों को उनके खरीदे या खरीदे जाने वाले प्रोडक्ट्स पर अतिरिक्त चार्ज लगने की झूठी जानकारी देते थे। इसके बाद रिफंड दिलाने के नाम पर उन्हें एक लिंक भेजा जाता था। लिंक पर क्लिक करते ही डॉलर में रकम ट्रांसफर करवा ली जाती थी।
पुलिस के अनुसार गिरोह शाहरुख मंशुरी नामक मुख्य सरगना के लिए काम कर रहा था। मौके से शाहरुख मोहम्मद शेख (अहमदाबाद), चेतन सिंह सिकरवार, करण कुमार मीणा, मिलन जोशी, प्रवीण कुमार मीणा सहित नागालैंड, मेघालय और असम के अन्य आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और सरगना सहित अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।