9 आरोपी गिरफ्तार, 25 मोबाइल, एक लैपटॉप, 32 पासबुक, 16 चेकबुक और 73 एटीएम कार्ड जब्त
उदयपुर, 28 नवंबर : जिला स्पेशल टीम (DST) और सवीना, सुखेर थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से धोखाधड़ी और बैंक खातों की अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में इनके कब्जे से 25 मोबाइल, 1 लैपटॉप, 32 पासबुक, 16 चेकबुक और 73 एटीएम कार्ड जब्त किए गए।
पहली कार्रवाई में 6 आरोपी पकड़े गए
हिरण मगरी थानाधिकारी भरत योगी और DST प्रभारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में सुधीर कालरा, यजत साधवानी, कैदार बागड़ी, मनीष कालरा, सागर सामरिया और सुदेष सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते, पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड हासिल किए। इसके बाद पे-वेस्ट ऑनलाइन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन जुआ खेला गया, जिसमें खातों से नकद विड्रॉल कर कमीशन अपने पास रखा और शेष राशि हवाला के जरिए वापस भेज दी गई।
दूसरी कार्रवाई में 3 आरोपी पकड़े गए
सुखेर थानाधिकारी रविन्द्र सिंह चारण और DST टीम ने प्रियदर्शनी नगर बेदला में दबिश देकर राजन वैष्णव, नीनाद वैष्णव और रिदम वैष्णव को गिरफ्तार किया। ये लोग बैंक खाते खरीद-फरोख्त कर ऑनलाइन गेमिंग ऐप में धोखाधड़ी कर रहे थे।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि आरोपियों ने बैंक खातों को कमीशन पर खरीदकर अन्य लोगों को धोखे से ऑनलाइन गेमिंग की राशि ट्रांसफर कराने में इस्तेमाल किया। दोनों कार्रवाइयों में गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और राजस्थान पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे गिरोह और उनके सहयोगियों की पहचान कर रही है।