गर्लफ्रेंड अवीवा बेग संग सात साल के रिश्ते को मिला नया नाम
नई दिल्ली, 30 दिसम्बर: वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई उनकी गर्लफ्रेंड अवीवा बेग से हो गई है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी है। सगाई के बाद रेहान और अवीवा परिवार के साथ राजस्थान के रणथंभौर पहुंचे हैं। हालांकि गांधी या वाड्रा परिवार की ओर से अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया गया है कि रेहान और अवीवा पिछले सात वर्षों से रिलेशनशिप में हैं। दोनों को ही फोटोग्राफी का खास शौक है। सगाई समारोह निजी रखा गया, जिसमें गांधी, वाड्रा और बेग परिवार के करीबी लोग ही शामिल हुए।
अवीवा बेग दिल्ली के प्रतिष्ठित बिजनेस परिवार से आती हैं। उनके पिता इमरान बेग बिजनेसमैन हैं, जबकि मां नंदिता बेग जानी-मानी इंटीरियर डिजाइनर हैं, जिन्होंने कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ का इंटीरियर डिजाइन किया है। नंदिता बेग और प्रियंका गांधी के बीच पुरानी मित्रता भी बताई जाती है।
अवीवा ने मीडिया और कम्युनिकेशन के क्षेत्र में काम किया है। वह कंटेंट प्लेटफॉर्म्स में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और मार्केटिंग से जुड़ी रही हैं। इसके साथ ही वे Atelier 11 नामक फोटोग्राफिक स्टूडियो की को-फाउंडर हैं और कई कला प्रदर्शनियों का हिस्सा रह चुकी हैं।
फिलहाल रेहान और अवीवा रणथंभौर में पारिवारिक समय बिता रहे हैं, जहां दोनों ने टाइगर सफारी का भी आनंद लिया।