हर शनिवार श्रमदान, ‘ग्रीन सलूंबर’ का संकल्प
सलूंबर, 21 फरवरी: शहर के एकमात्र सेरिंग तालाब को पुनर्जीवित करने के लिए स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने “हमारा सलूंबर, हमारा स्वाभिमान – ग्रीन सलूंबर, क्लीन सलूंबर” अभियान के तहत सफाई कार्य शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह पुरोहितवाड़ी विलो के दरवाजे के पास से श्रमदान की शुरुआत हुई।
वर्षों से उपेक्षित तालाब में सीवरेज का पानी, प्लास्टिक और कचरा जमा होने से दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया था। नगर परिषद की ओर से अपेक्षित कार्रवाई न होने पर नागरिकों ने स्वयं जिम्मेदारी उठाई।
अभियान के तहत प्रत्येक शनिवार को युवा व वार्डवासी घाटों के आसपास सफाई करेंगे और लोगों से कचरा न डालने की अपील करेंगे। पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने नाले को तालाब से बाहर निकालने व नियमित सीवरेज सफाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि प्रशासन व आमजन मिलकर प्रयास करें तो तालाब फिर से अपनी पुरानी रौनक पा सकता है।