69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता
उदयपुर, 15 जनवरी : उदयपुर में एसजीएफआई एवं पीएम श्री फतह स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में चल रही 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता (19 वर्ष छात्र) में राजस्थान ने गुजरात को 5-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। शुक्रवार को राजस्थान का क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलगांव के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर प्रातः साढ़े सात बजे झारखंड के खिलाफ होगा।
मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया के अनुसार प्री क्वार्टर फाइनल में राजस्थान ने पहले क्वार्टर में तीन और दूसरे क्वार्टर में एक गोल करके 4-0 की बढ़त बनाई। हालांकि गुजरात ने हाफ टाइम के बाद लगातार दो गोल कर मुकाबला रोमांचक बना दिया, लेकिन राजस्थान ने एक गोल करके स्कोर 5-2 कर जीत सुनिश्चित की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मुरलीधर चौबीसा, उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा लक्ष्मण सालवी, केन्द्राध्यक्ष गजेंद्र आवोत और अन्य शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।
प्री फाइनल मुकाबलों में झारखंड ने बिहार को 4-0, दिल्ली ने सीआईएससीई को वॉकओवर, उड़ीसा ने उत्तर प्रदेश को 2-0, सीबीएसई ने चंडीगढ़ को 3-2, हिमाचल प्रदेश ने हरियाणा को 1-0, पंजाब ने केरल को 7-1, मध्य प्रदेश ने आंध्र प्रदेश को 6-1 और राजस्थान ने गुजरात को 5-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। सांयकालीन सत्र में क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उड़ीसा ने मध्य प्रदेश को 2-1 और हिमाचल प्रदेश ने सीबीएसई को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
क्वार्टर फाइनल में पहुंची टीमें: राजस्थान, पंजाब, उड़ीसा, दिल्ली, सीबीएसई, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और झारखंड।