राजस्थान की तीसरी सेना भर्ती रैली 29 अक्टूबर से कोटा में

Share

18 जिलों के अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग, इनमें उदयपुर संभाग के जिले भी शामिल
अग्निवीर के विभिन्न पदों के लिए कॉल-अप जारी
उदयपुर, 5 अक्टूबर:
राजस्थान की वर्ष 2025-26 की तीसरी सेना भर्ती रैली 29 अक्टूबर से 6 नवंबर तक महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम, नयापुरा, कोटा में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी राज्य सूचना कार्यालय ने दी।
भर्ती रैली में राजस्थान के 18 जिलों में ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, बांसवाड़ा, बारां, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, दौसा, झालावाड़, करौली, कोटा, पाली, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाई माधोपुर, टोंक और उदयपुर शामिल हैं, जिनके अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।
कॉमन एंट्रेंस एग्जाम 2025 में शामिल उम्मीदवारों में से चुने गए अभ्यर्थियों को अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास) श्रेणियों के लिए कॉल-अप जारी किए गए हैं।
यह भर्ती रैली मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, राजस्थान, दक्षिण पश्चिमी कमान मुख्यालय और कोटा नागरिक प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसे राजस्थान के प्रेरित युवाओं के लिए राष्ट्र की सेवा करने का अनूठा अवसर बताया गया है।
मुख्यालय भर्ती क्षेत्र राजस्थान ने जोर दिया कि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी तरह स्वचालित होगी, जिससे बिना किसी गड़बड़ी के केवल योग्यता के आधार पर चयन सुनिश्चित होगा।