सरकार इसे सार्वजनिक करे; कहा- इस्तीफे के लिए जाने की जरूरत नहीं
बांसवाड़ा, 14 जनवरी: पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के तीन ठिकानों पर एसीबी की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एसीबी रेड के बाद मालवीय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार सार्वजनिक करे कि क्या उनके यहां चोरी-डकैती या अवैध कमाई का कोई माल मिला है या नहीं। यदि कुछ मिला है तो उसे जनता के सामने लाया जाए।
मालवीय ने कहा कि एसीबी ने जिन तीन स्थानों—पेट्रोल पंप और क्रेशर प्लांट सहित—पर कार्रवाई की, वहां से क्या बरामद हुआ, यह बताना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्तीफे या दबाव में आने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया।
उन्होंने कहा कि 23 महीने तक भाजपा के साथ रहने के बावजूद वागड़ क्षेत्र को कोई बड़ी सौगात नहीं मिली। मनरेगा जैसी योजना ठप पड़ी है, भुगतान नहीं हो रहे और रोजगार भी नहीं मिल रहा। महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी योजना का नाम बदलने से आहत होकर उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।
एसीबी कार्रवाई की सूचना के बाद समर्थकों ने नाहरपुरा भैरवजी मंदिर परिसर में एकत्र होकर विरोध भी जताया। मालवीय ने आरोप लगाया कि देर रात घर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की गई। उन्होंने दोहराया कि यदि कुछ भी आपत्तिजनक मिला हो तो सरकार उसे जनता के सामने रखे।