एक बदमाश का मोबाइल छूटा, पुलिस को मोबाइल में आधार कार्ड भी मिला
udr gogunda loot 140226-a
गोगुंदा, 14 फरवरी: उदयपुर जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में लुटेरी गैंग का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती देर रात डुलावतो का गुड़ा गांव में आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने पहले कानेश्वरी माताजी मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया, इसके बाद एक घर में घुसकर दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बदमाशों ने सबसे पहले कानेश्वरी माताजी मंदिर के ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया। मंदिर की गुल्लक में रखे लगभग 20 से 25 हजार रुपए नकद तथा एक तलवार चोरी कर ली। इसके बाद बदमाश हथियारों से लैस होकर छत के रास्ते किशन सिंह पुत्र अंबाव सिंह राजपूत के मकान में घुस गए।
किशन सिंह ने बताया कि बदमाश घर में रखी पेटी तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। आहट सुनकर उनकी नींद खुली। जैसे ही उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला, तीन बदमाशों ने लाठी और सरियों से उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ, पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। अन्य बदमाश तलवार और लाठियां लेकर बरामदे में खड़े रहे।
शोर सुनकर उनकी पत्नी सुखा कुंवर बाहर आईं तो बदमाशों ने उनके हाथ पकड़ लिए और सोने का मादलिया व कानों के गहने लूटने का प्रयास किया। दंपती के चिल्लाने पर घर में सो रहे अन्य परिजन जाग गए। परिवारजनों को बाहर आता देख बदमाश मुख्य दरवाजा खोलकर मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान अफरा-तफरी में एक बदमाश का मोबाइल फोन गिर गया। मोबाइल के पीछे लगे आधार कार्ड में मांगीलाल पुत्र सिंगा राम निवासी हेराल कला, मेवाड़ों का मठ नाम अंकित बताया जा रहा है। पुलिस इसे अहम सुराग मान रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व खेजड़िया क्षेत्र में भी वृद्ध दंपती से लूट की वारदात हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।
गोगुंदा में लुटेरी गैंग की दहशत : मंदिर में चोरी के बाद घर में घुसकर दंपती पर हमला
A 25 kg garland was put on the pilot using a crane