रॉकवुड्स ब्लेजिंग स्ट्राइकर क्रिकेट कप 21 से, डे-नाइट मुकाबले कूकाबुरा गेंद से होंगे

Share

लेकसिटी में आएंगे क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई, शुभम गड़वाल
उदयपुर, 10 फरवरी:
उदयपुर में 21 से 28 फरवरी तक रॉकवुड्स ब्लेजिंग स्ट्राइकर क्रिकेट कप का आयोजन किया जाएगा। शिकारवाड़ी ग्राउंड पर होने वाले इस टी-20 टूर्नामेंट में डे/नाइट मुकाबले खेले जाएंगे, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपयोग होने वाली कूकाबुरा गेंद से होंगे। आयोजन को लेकर शहर में बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
मंगलवार को आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में आयोजन अध्यक्ष सुनील लढ्ढा, सचिव विवेक घई, उदयपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्यराजसिंह मेवाड़, सचिव मनोज चौधरी, दीपक शर्मा एवं सीए मनीष अग्रवाल ने जानकारी दी। दीपक शर्मा ने बताया कि इस टूर्नामेंट में प्रमुख रूप से भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई, धु्रव जूरेल, पवन नेगी के साथ आईपीएल खिलाड़ी मंगेश यादव, शिवम सिंह, प्रियांश आर्य, आर्यन जोहेल, शुभम गड़वाल के आने की संभावना है।
8 टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम में 3 आईपीएल खिलाड़ी और 5 रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी होना अनिवार्य रहेगा। टीमों को दो समूहों में बांटा जाएगा, जिनमें से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।
प्रतिदिन दो मैच, पुरस्कार राशि आकर्षक
टूर्नामेंट में प्रतिदिन दो मुकाबले होंगे। पहला मैच दोपहर 3 बजे और दूसरा मैच शाम 7 बजे दूधिया रोशनी में खेला जाएगा। खिलाड़ियों को रंगीन किट दी जाएगी। विजेता टीम को 10 लाख रुपए और उपविजेता को 5 लाख रुपए पुरस्कार दिए जाएंगे। यह आयोजन लेकसिटी में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ा आकर्षण साबित होगा।