उदयपुर, 22 सितम्बर: छात्र संगठन एसएफआई ने मानगढ़ धाम और शहीद वीरबाला कालीबाई से जुड़े पाठ्यक्रम में किए गए बदलावों का विरोध किया। सोमवार को डूंगरपुर के एसबीपी कॉलेज परिसर से छात्रों ने रैली निकाली जो शास्त्री मार्ग, पुराना बस स्टैंड और तहसील चौराहे से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। कलेक्ट्रेट के बाहर धरना देकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
एसएफआई पदाधिकारियों ने बताया कि राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद ने कक्षा 4 की पुस्तक से मानगढ़ धाम का पाठ हटाकर कक्षा 5 में शिफ्ट किया है। नए पाठ में आदिवासियों की शहादत और भील शब्द का उल्लेख नहीं है। यहां तक कि इससे संबंधित तस्वीरें भी हटा दी गई हैं।
इसी तरह, शहीद वीरबाला कालीबाई का पाठ भी कक्षा 5 से हटाकर कक्षा 6 में नए शीर्षक के साथ स्थानांतरित किया गया है और इसमें कई बदलाव किए गए हैं। एसएफआई ने दोनों पाठों को बिना बदलाव के मूल रूप में पाठ्यक्रम में वापस शामिल करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।