शीला गोगामेड़ी ने दी आत्मदाह की चेतावनी

Share

गोगामेड़ी हत्याकांड की जांच NIA से AGTF को देने की मांग
आसपुर, 9 मार्च:
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के दिवंगत नेता सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला गोगामेड़ी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे 29 मार्च को जयपुर में सीएम हाउस के सामने आत्मदाह करेंगी। गोगामेड़ी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर जयपुर में महापड़ाव की तैयारी भी की जा रही है।
सोमवार को शीला गोगामेड़ी आसपुर पहुंचीं और समाज के लोगों से 29 मार्च को जयपुर पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 5 दिसंबर 2023 को जयपुर स्थित उनके घर में घुसकर बदमाशों ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले की जांच एनआईए को सौंपे जाने के बावजूद अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने मांग की कि इस मामले की जांच एनआईए से लेकर एजीटीएफ को सौंपी जाए और विदेश में छिपे आरोपियों को भारत लाकर सख्त कार्रवाई की जाए। शीला गोगामेड़ी ने आरोप लगाया कि उन्हें आए दिन धमकी भरे फोन भी मिल रहे हैं। इस दौरान करणी सेना के पदाधिकारी योगेंद्र सिंह कटार, रणजीत सिंह फतेहपुरा और जितेंद्र सिंह खुमान भी मौजूद रहे।