उदयपुर, 31 दिसंबर: बॉलीवुड अभिनेत्री सोहा अली खान पति कुणाल खेमू और बेटी इनाया के साथ नया साल मनाने उदयपुर पहुंचीं। सोहा ने परिवार संग जंगल सफारी का आनंद लिया, जहां उन्होंने लेपर्ड की साइटिंग की और जंगलों में खूब समय बिताया। उन्होंने चूल्हे पर रोटी बनाई और राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद भी चखा। इसके अलावा नदियों किनारे समय बिताया और बैलगाड़ी की सवारी कर परिवार संग मस्ती की। सोहा ने खुद सोशल मीडिया पर यह अनुभव साझा किया।
ट्रेवल पोर्टल आउटलुक ने उदयपुर को देश के टॉप-6 शहरों में चौथा बेस्ट सिटी माना है। आउटलुक की तरफ जारी सूची में पहले नंबर पर गोवा, दूसरे पर मुंबई, तीसरे पर मनाली, चौथे पर उदयपुर, 5वें पर कर्नाटक का गोकर्ण, छठे पर अरुणाचल की जीरे वैली शामिल है। पोर्टल ने लिखा कि उदयपुर में नववर्ष की पूर्व संध्या झीलों के किनारे शाही और सुकून भरे माहौल में मनाई जाती है। सर्दियों के मौसम में शहर की झीलें शांत और दर्पण जैसी नजर आती हैं। इनमें महलों और सजावटी रोशनी का खूबसूरत प्रतिबिंब दिखता है। ऐसा लगता है मानो पूरा शहर जश्न के लिए सजा हो। अधिकांश सेलिब्रेशन झील के नजारे वाले रूफटॉप रेस्टोरेंट पर होते हैं। यहां लोक संगीत, लाइव परफॉर्मेंस और हल्की-फुल्की आतिशबाजी के साथ लोग नए साल का स्वागत करते हैं।