श्मशान भूमि से मिट्टी चोरी

Share

बेगूं, 16 जनवरी : क्षेत्र के चैची गांव में श्मशान भूमि से मिट्टी चोरी का गंभीर मामला सामने आया है। मुख्य श्मशान और रैगर समाज के श्मशान की जमीन से रात के अंधेरे में जेसीबी से मिट्टी खोदकर बेच दिए जाने की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने इसे आस्था और परंपराओं से जुड़ी भूमि का अपमान बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चैची गांव में मुख्य श्मशान और रैगर समाज के श्मशान की भूमि से अवैध रूप से मिट्टी खोदकर बेचने का मामला उजागर हुआ है। सरपंच प्रभु लाल धाकड़ ने बताया कि यह पूरी घटना रात के समय हुई, जब अज्ञात लोग जेसीबी मशीन लेकर श्मशान भूमि पर पहुंचे और वहां से बड़ी मात्रा में मिट्टी निकालकर ले गए।
ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान भूमि का इस तरह व्यावसायिक दोहन न केवल गैरकानूनी है, बल्कि धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला भी है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में रोष फैल गया और लोगों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।