पीएमसीएच में सफल टोटल एल्बो रिप्लेसमेंट, अब कोहनी प्रत्यारोपण के लिए बाहर नहीं जाना होगा

Share

उदयपुर, 11 फरवरी: पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) के ऑर्थोपेडिक्स विभाग ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 38 वर्षीय मरीज का अत्यंत जटिल टोटल एल्बो रिप्लेसमेंट (पूर्ण कोहनी प्रत्यारोपण) सफलतापूर्वक किया है। इस सफलता के बाद अब उदयपुर और आसपास के मरीजों को कोहनी प्रत्यारोपण के लिए बड़े महानगरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
तीन असफल ऑपरेशनों के बाद मिली राहत: चित्तौड़गढ़ निवासी मरीज की कोहनी बाइक से गिरने के कारण गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी। पूर्व में तीन ऑपरेशन असफल रहे। पीएमसीएच में एमआरआई व सीटी स्कैन के बाद विशेषज्ञों ने टोटल एल्बो रिप्लेसमेंट का निर्णय लिया।
विशेषज्ञ टीम ने किया जटिल ऑपरेशन: विभागाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा की देखरेख में डॉ. सुधीर के. शांडिल्य के नेतृत्व में डॉ. रोहित, डॉ. शुभम अरोड़ा सहित टीम ने 3 से 4 घंटे चली सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
तकनीकी रूप से दुर्लभ सर्जरी: डॉ. शुभम अरोड़ा ने बताया कि कोहनी का पूर्ण प्रत्यारोपण घुटने या कूल्हे की तुलना में अधिक दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण होता है, जो गंभीर फ्रैक्चर या आर्थराइटिस के मामलों में किया जाता है।
प्रबंधन ने निःशुल्क उपलब्ध कराया इम्प्लांट: डॉ. शांडिल्य के अनुसार, चेयरमैन राहुल अग्रवाल व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अमन अग्रवाल के सहयोग से उच्च गुणवत्ता वाला इम्प्लांट समय पर उपलब्ध हुआ, जिसे मरीज को निःशुल्क दिया गया।