2 की मौत, 3 घायल, हमलावर एनकाउंटर में मारा गया
लंदन, 2 अक्टूबर: ब्रिटेन के मैनचेस्टर में गुरुवार को सिनागॉग के बाहर आतंकवादी हमला हुआ। हमले में दो यहूदियों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के समय क्रम्प्सल इलाके में यहूदी योम किप्पुर त्योहार के लिए प्रार्थना कर रहे थे। हमलावर ने कार से लोगों को टक्कर मारी और गोलीबारी की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर हमलावर का एनकाउंटर किया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
ब्रिटिश पीएम और स्थानीय अधिकारियों की प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने हमले को डरावना बताया और पुलिस की तारीफ की। उन्होंने देश की इमरजेंसी कोबरा टीम के साथ बैठक करने के लिए डेनमार्क से जल्दी लौटने का ऐलान किया। मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहैम ने हमलावर की मौत की पुष्टि की और लोगों से प्रभावित इलाके में न जाने की अपील की।
आतंकवादी घटना घोषित, सुरक्षा बढ़ाई गई
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने इस हमले को आतंकवादी घटना घोषित किया है। काउंटर-टेररिज्म टीम जांच कर रही है। हमलावर की पहचान हो चुकी है, लेकिन नाम सार्वजनिक नहीं किया गया। दो अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे देश में यहूदी समुदायों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ब्रिटेन में यहूदी-विरोधी घटनाओं में वृद्धि
ब्रिटेन में हाल के वर्षों में यहूदी-विरोधी घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, खासकर इजराइल-हमास संघर्ष के बाद। मैनचेस्टर में करीब 30,000 यहूदी रहते हैं, जो लंदन के बाहर सबसे बड़ा यहूदी समुदाय है। ब्रिटिश किंग चार्ल्स ने इस हमले को गंभीर बताया और यहूदियों के पवित्र दिन पर इसे भयानक घटना करार दिया। इस हमले से मैनचेस्टर और ब्रिटेन में यहूदी समुदाय में सुरक्षा और चिंता की स्थिति बनी हुई है।